गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 31 मार्च। नवापारा इलाके में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी ही बहन के घर को आग के हवाले कर दिया। घटना में घरेलू सामान सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम जौंदा निवासी पीडि़ता रामकली साहू ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 28 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान उसका भाई सुमित साहू शराब के नशे में घर पहुंचा और चरित्र पर संदेह करते हुए अश्लील गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने घर में आग लगाने की धमकी दी और कुछ ही देर में मकान में आग लगाकर मौके से फरार हो गया।
आग लगते ही रामकली ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके पर से भाग निकला। आग की चपेट में आने से पीडि़ता के घर में रखे करीब 140 किलो चावल, कपड़े-बिस्तर, 7 हजार रुपये नगद, एक बाइक समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जलकर राख हो गए।
पीडि़ता के अनुसार आरोपी सुमित साहू पहले भी कई बार शराब के नशे में विवाद कर चुका है और इस बार उसने दुश्मनी की भावना से जानबूझकर घटना को अंजाम दिया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया गया, जहां पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय रायपुर में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।