गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 31 मार्च। समीपस्थ ग्राम पंचायत चिपरीडीह में आयोजित तीन दिवसीय रामचरितमानस पाठ का समापन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ हुआ। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, वहीं जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
समापन कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सभापति जनपद पंचायत अभनपुर टिकेंद्र सिंह ठाकुर, चंद्रहास साहू एवं तोषिबा ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान ग्राम की सरपंच ऊषा साहू एवं पंचगणों द्वारा अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान रामचरितमानस पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में भक्तिमय माहौल बना रहा।
श्री ठाकुर ने कहा कि रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों की एकजुटता और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजकर आगे बढ़ाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढिय़ां भी इससे प्रेरणा ले सकें।


