गरियाबंद

साड़ी पहनकर दुकान में चोरी की कोशिश
28-Mar-2026 3:47 PM
साड़ी पहनकर दुकान में चोरी की कोशिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 28 मार्च। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में चोर ने साड़ी पहनकर दुकान का ताला तोडऩे की कोशिश की है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। नवापारा क्षेत्र में पुराने चोरी के मामलों में कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद है जिससे इलाके में दहशत और लोगों में रोष फैल रहा है। जानकारी के अनुसार नवापारा से लगे पारागांव रोड स्थित बिजली ऑफिस के पास सरस्वती मिल एंड एग्री हार्डवेयर दुकान को बीती रात करीब 1 बजे चोरों ने निशाना बनाने की कोशिश की। हैरानी की बात यह रही कि चोरी की इस वारदात में दो युवक स्कार्फ बांधकर और एक महिला के भेस में साड़ी पहनकर चोरी का नया हथकंडा अपनाते नजर आए, ताकि अपनी पहचान छुपा सके।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोरों के पास करीब 3 फीट लंबा लोहे का सालिया था, जिससे वे बारी-बारी से दुकान के ताले पर वार कर उसे तोडऩे की कोशिश करते रहे। जैसे ही सडक़ से किसी वाहन की आवाज आती, चोर तुरंत मौके से भाग जाते और गाड़ी गुजरने के बाद फिर लौटकर चोरी की कोशिश शुरू कर देते। काफी मशक्कत के बाद चोर ताला तोडऩे में सफल हो गए, लेकिन शटर नहीं उठा पाने के कारण दुकान के अंदर प्रवेश नहीं कर सके। अंतत: असफल होने पर वे मौके से फरार हो गए।

 

चोरों के हौसले बुलंद

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो न केवल चोरों के इरादों को उजागर करती है, बल्कि उनके बढ़ते हौसलों को भी दिखाती है। गौरतलब है कि नवापारा और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी इस तरह की चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन पुराने मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

ठोस पुलिसिया कार्रवाई नहीं होने से नगर के लोगों में भी रोष व्यापत है। लोगों का कहना है कि व्यापारी और नागरिक इन मामलों को लेकर कई बार शासन और प्रशासन के साथ बैठक कर चुके है लेकिन कोई ठोस पहल अब तक दिखाई नहीं दी।

लगातार बढ़ती चोरी की वारदातों से स्थानीय लोग दहशत में हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


अन्य पोस्ट