गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 27 मार्च। गरियाबंद जिले के मैनपुर, देवभोग और गरियाबंद ब्लॉक में सक्रिय चैतन्य संस्था द्वारा सुहागपुर गांव में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। युवा विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में गांव की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पोस्टर प्रतियोगिता व जागरूकता सत्र
आयोजित कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने बालिकाओं को महिला दिवस के इतिहास, महत्व और इसे मनाने के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिला सशक्तिकरण विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं ने आकर्षक पोस्टर बनाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।
बालिकाओं ने की सार्थक चर्चा
सत्र के दौरान दी गई जानकारी के आधार पर बालिकाओं ने आपस में चर्चा कर अपने विचार साझा किए। इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
युवा विकास पर विशेष ध्यान
संस्था द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए गांव-गांव में युवा समूहों का गठन किया जा रहा है। स्कूल एवं पंचायत स्तर पर विभिन्न गतिविधियों और जागरूकता सत्रों का आयोजन कर युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सुहागपुर की बालिकाओं सहित चैतन्य संस्था के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


