गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 27 मार्च। शहर के शासकीय हरिहर विद्यालय के पास स्थित गायत्रीशक्ति पीठ में हिन्दू नव वर्ष चैत्र नवरात्रि के अवसर पर साधक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक अखंड जाप तप, ध्यान और साधना किए। परम पूज्य गुरुदेव की वाणी के बाद आध्यात्मिक वातावरण में नादयोग साधना का क्रम भी चलते रहा। इस दौरान मंदिर में कई धार्मिक अनुष्ठान किए गए।
गुरुवार सुबह 10 बजे से कार्यकर्ताओ और महिला मंडल की बहनों द्वारा संगीत के साथ देव पूजन और देव आव्हान के बाद 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारम्भ किया गया। इस पूर्णाहुति में 1 जन्मदिन संस्कार किया गया। तथा यज्ञशाला में विश्व कल्याण की भावना के साथ गायत्री मंत्र के साथ आहुतियां प्रदान की गई। विशेष रूप से नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के कई स्वरूपों,महालक्ष्मी और महामृत्युंजय मंत्र के साथ अलग से आहुतियां दी गई।
परम पूज्य गुरुदेव का 18 सूत्रीय सतसंकल्प का पाठ भी सभी से दोहराया गया। दोपहर 1 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति कर वेदमाता गायत्री और भगवान प्रज्ञेश्वर महादेव की आरती के बाद प्रसादी का वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जन कार्यक्रम में शामिल हुए।


