गरियाबंद

पंच ने कराया न्योता भोज
27-Mar-2026 3:23 PM
पंच ने कराया न्योता भोज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 27 मार्च।  कहते हैं कि यदि मन में समाज और देश के प्रति कुछ करने की सच्ची इच्छा हो, तो आर्थिक स्थिति कभी बाधा नहीं बनती। इसी बात को चरितार्थ करते हुए आर्थिक स्थिति से कमजोर होने के बावजूद ग्राम सिंधौरी के पंच राम कुंवर यादव ने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

लगभग एक माह पूर्व ही पति के निधन के बाद, एक मात्र बेटी के सहारे जीवन यापन कर रही राम कुंवर यादव ने अपनी बेटी के जन्मदिन को खास और यादगार बनाने के साथ-साथ समाज के लिए भी कुछ करने का संकल्प लिया। उन्होंने न केवल अपने परिवार तक सीमित कार्यक्रम रखा, बल्कि आंगनबाड़ी से लेकर हाई स्कूल तक के बच्चों और पूरे ग्रामवासियों के लिए प्राथमिक शाला प्रांगण में विशाल न्यौता भोज का आयोजन किया। यह आयोजन पूरे गांव के लिए ऐतिहासिक बन गया। स्कूल परिवार की ओर से राम कुंवर यादव और उनकी बेटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित भी किया गया।

इसी अवसर पर केंद्रीकृत परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्राध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा प्रधान पाठक, प्राथमिक शाला सतनामी पारा, राजिम का भी जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए ग्राम समिति प्रमुख शशि शेखर शर्मा, चैत राम वर्मा, सोहन वर्मा सहित विभिन्न समूहों की महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, रसोइया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। इसके अलावा तीनों विद्यालयों के शिक्षक, लगभग 400 से अधिक छात्र-छात्राएं, प्रधान पाठक नंद कुमार सिन्हा, शिक्षिका हेमलता ठाकुर, उर्वशी तारक, सफाई कर्मचारी चंद्रिका साहू, शिक्षक नीरज साही, हेमलता जोशी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।


अन्य पोस्ट