गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 26 मार्च। पीएम श्री हरिहर स्कूल, गोबरा नवापारा में भारत सरकार की सॉइल हेल्थ एवं फर्टिलिटी योजना के अंतर्गत स्कूल सॉइल हेल्थ प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं कृषकों में मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा संतुलित खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में कृषि विभाग की अधिकारियों ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। ममता ढोके (कृषि विकास अधिकारी) ने सॉइल हेल्थ कार्ड योजना के बारे में विस्तार से बताया तथा मिट्टी परीक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित मिट्टी परीक्षण से फसलों की गुणवत्ता एवं उत्पादन में वृद्धि की जा सकती है। कुमारी दीक्षा नायक (ग्रामीण कृषि अधिकारी) ने मिट्टी परीक्षण कार्ड की प्रक्रिया एवं विभिन्न परीक्षण विधियों की जानकारी दी। वहीं नारायण कुमार चंद्राकर (ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी) ने छात्रों को मिट्टी का सही तरीके से नमूना एकत्रित करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत एकत्रित मिट्टी के नमूनों को महेश कुमार कंसारि (व्याख्याता) द्वारा परीक्षण हेतु मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य फाखरा खानम दानी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मिट्टी की घटती उर्वरता के कारणों एवं उसके दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मिट्टी की उर्वरता में कमी से खाद्यान्न उत्पादन प्रभावित हो रहा है। साथ ही उन्होंने सभी से मिट्टी की गुणवत्ता बढ़ाने हेतु जागरूक रहने एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण योजना के संचालन के लिए सरकार की सराहना भी की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखना,खेती की लागत को कम करना तथा भविष्य में मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी सिद्ध हुआ।


