गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 25 मार्च। नवापारा इलाके में एक कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार हवा में उछलकर उल्टी हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना गोबरा नवापारा थाना अंतर्गत चंपारण चौकी क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार (क्रमांक सीजी 04 क्यूएफ 8711) चंपारण की ओर जा रही थी। इसी दौरान ग्राम जौंदी में देवांगन किराना दुकान के पास चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सडक़ किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि चालक को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही चंपारण पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कार में केवल चालक ही सवार था। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।


