गरियाबंद

पंचमी पर माता देवालयों में विशेष श्रृंगार
23-Mar-2026 6:42 PM
पंचमी पर माता देवालयों में विशेष श्रृंगार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 23 मार्च। छत्तीसगढ़ की धर्म नगरी नवापारा-राजिम में चैत्र नवरात्र और हिंदू नववर्ष का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व हिंदुओं के लिए अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण होता है, जिसमें नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना की जाती है।

इस अवसर पर शहर के विभिन्न देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को पंचमी के अवसर पर सभी माता देवालयों में माता जी की विशेष श्रृंगार कर पूजा अर्चना की गई। राजिम सुप्रसिद्ध माँ महामाया इस बार विशेष रूप से मंदिर में 900 दिव्य ज्योत प्रज्वलित की गई हैं, जो मां महामाया की कृपा और भक्तों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक हैं। इन ज्योतों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर आलोकित हो उठा है।

इसी तरह नवापारा बस स्टैंड के पास स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर में 272, शीतला माता मंदिर में 220, मौली माता मंदिर में 62,भक्तिन माता राजिम-दुर्गा मंदिर में 81 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की गई है। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर काली मंदिर के प्रमुख मेघनाथ साहू,चतुर जगत,छन्नू साहू, कर्मा मंदिर साहू समाज अध्यक्ष रमेश साहू,उपाध्यक्ष भागवत साहू,मंदिर समिति अध्यक्ष रज्जू साहू,गैंद साहू सहित सभी समाजिक गण माता सेवा में लगे हुए है।

यह नौ दिवसीय पर्व न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और भक्ति भावना को भी मजबूत करता है। राजिम-नवापारा में चारों ओर मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण गुंजायमान है। भक्त उपवास रखकर, कीर्तन-भजन कर और मां के भक्तिमय गीत गाकर इस पावन अवसर को मना रहे हैं। चैत्र नवरात्रि की यह धूमधाम पूरे क्षेत्र को धर्ममय और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दे रही है।


अन्य पोस्ट