गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-अभनपुर, 22 मार्च। छत्तीसगढ़ विधानसभा में पारित हुए छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026 को लेकर प्रदेश के भाजपा नेताओं में उत्साह और संतोष का माहौल है। इस महत्वपूर्ण विधेयक के पारित होने पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री राजेश साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक राज्य में सामाजिक समरसता, पारदर्शिता और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से धर्मांतरण से जुड़े मामलों में स्पष्ट और प्रभावी कानून की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। यह कानून न केवल नागरिकों की धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा करेगा, बल्कि अवैध और दबावपूर्वक धर्मांतरण पर प्रभावी अंकुश भी लगाएगा।
राजेश साहू ने विशेष रूप से इस बात की सराहना की कि विधेयक में पारदर्शी प्रक्रिया, कड़े दंड प्रावधान और पीडि़तों के लिए क्षतिपूर्ति जैसी व्यवस्थाएं शामिल की गई हैं। उनका कहना है कि इससे समाज में विश्वास बढ़ेगा और अनावश्यक विवादों में कमी आएगी। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और जनहित के ऐसे निर्णय आगे भी लिए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह विधेयक छत्तीसगढ़ को एक शांतिपूर्ण, संतुलित और विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।


