गरियाबंद
गरियाबंद, 21 मार्च। कलेक्टर बी.एस. उइके ने ग्रीष्मकालीन पेयजल संकट को ध्यान में रखते हुए पूरे जिले को 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक जलाभाव ग्रस्त क्षेत्र घोषित किया है। यह आदेश छत्तीसगढ़ पेयजल परिरक्षण अधिनियम के तहत जारी किया गया है। आदेशानुसार इस अवधि में बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के कोई भी नया नलकूप खनन नहीं किया जा सकेगा।
हालांकि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा नगरीय निकायों को पेयजल के लिए नलकूप खनन में छूट दी गई है, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी प्राधिकृत अधिकारी को देना अनिवार्य होगा। नलकूप खनन की अनुमति के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नगरीय क्षेत्र गरियाबंद के लिए अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी, जबकि गरियाबंद, मैनपुर, देवभोग, राजिम और छुरा अनुविभागों में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।