गरियाबंद
कार्यकर्ताओं को संगठन की नीति व सरकार की उपलब्धियों की दी जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 18 मार्च। गरियाबंद जिले के मंडल मैनपुर में भारतीय जनता पार्टी के मंडल स्तरीय पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण दो दिवसीय कार्यक्रम सामुदायिक भवन मैनपुर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के पहले दिन राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद व जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण की शुरुआत की गई उसके बाद कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीति-नीति, कार्यपद्धति, इतिहास, वैचारिक आधार तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया, एआई और नमो एप के उपयोग पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के पहले दिन भाजपा राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और कार्यप्रणाली से जोडऩे का माध्यम होते हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और निष्ठा का संचार करते हैं, जिससे वे समाज के बीच अधिक प्रभावी रूप से कार्य कर सकें।
जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा-प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और निष्ठा का संचार करते हैं, जिससे वे समाज के बीच अधिक प्रभावी रूप से कार्य कर सकें।
चंद्राकर ने कहा - इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहली बार कार्यकर्ताओं का डिजिटल रजिस्ट्रेशन किया गया और पूरे कार्यक्रम की रिपोर्टिंग भी ऑनलाइन की गई। इस महाअभियान का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाना है। इस प्रशिक्षण के तहत मण्डल स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें वरिष्ठ नेता और प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं।
मंडल अध्यक्ष संतोष यादव ने कहा -पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, एकात्म मानववाद और अंत्योदय से परिचित कराना है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री घनश्याम मरकाम ने किया।