गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 18 मार्च। गरियाबंद जिले के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से बिजली संकट झेल रहे परिवारों को आखिरकार राहत मिल गई है। सौर ऊर्जा संयंत्रों में नई बैटरियां लगाए जाने के बाद बंद पड़ी बिजली आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है, जिससे गांवों में अंधेरे की समस्या खत्म हो गई है।
दरअसल, बैटरी खराब होने के कारण कई सोलर प्लांट बंद हो गए थे, जिससे सैकड़ों घरों में रात के समय रोशनी तक नहीं मिल पा रही थी। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था।
प्रशासन और संबंधित विभाग की पहल पर खराब बैट्री बैंक को बदलकर नए बैट्री लगाए गए। इसके बाद सौर संयंत्रों ने दोबारा काम करना शुरू कर दिया है और ग्रामीणों को नियमित बिजली मिलने लगी है।
बिजली बहाल होने से गांवों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें अंधेरे में रहने की मजबूरी से छुटकारा मिल गया है और उनकी दिनचर्या फिर से सामान्य हो गई है।