गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 17 मार्च। छत्तीसगढ़ सनातन दशनाम गोस्वामी समाज,जिला गरियाबंद द्वारा ग्राम नागझर में नवनिर्मित भव्य सामाजिक भवन का लोकार्पण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह भवन समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत और भविष्य की प्रगति का प्रतीक बनेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांतीय संरक्षकों की उपस्थिति में विधि-विधान से किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रांतीय संरक्षक उमेश भारती गोस्वामी एवं अशोक गिरि उपस्थित थे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांताध्यक्ष काशीपुरी कुंदन ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांतीय संगठन मंत्री पोखराज बन, मार्गदर्शक रामकुमार पुरी एवं मीडिया प्रभारी कामेश्वर पुरी एवं संगठन सचिव भुपेंद्र पुरी मौजूद थे। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उमेश भारती ने कहा कि सामाजिक भवन मात्र ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि समाज के संस्कारों की नींव और एकता की छत है। गरियाबंद में दशनाम गोस्वामी समाज का नया अध्याय शुरू हुआ है। यह समाज के साझा संकल्पों की जीवंत परिणति है। हमारा सामाजिक भवन समाज के उत्थान, संस्कारों के आदान-प्रदान और युवाओं के मार्गदर्शन का प्रमुख केन्द्र होगा। संरक्षक अशोक गिरि ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि जिला गरियाबंद ने इस भव्य भवन के निर्माण से पूरे प्रदेश में एक मिसाल पेश की है।
प्रांतीय अध्यक्ष काशी पुरी कुंदन ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसके संगठन में निहित होती है। नागझर का यह भवन अब जिले के गोस्वामी समाज के लिए वैचारिक विमर्श,मांगलिक कार्यों और सांस्कृतिक चेतना का मुख्य केन्द्र बनेगा। भवन लोकार्पण के पश्चात् गरियाबंद के नवनिर्वाचित जिला इकाई का शपथ ग्रहण अतिथियों द्वारा कराया गया। विदित हो कि विगत दिनों समाज की जिला इकाई का निर्वाचन सर्वसम्मत से किया गया। जिसमें उमेश गिरि मोहेरा जिला अध्यक्ष,कमलेश पुरी कोषाध्यक्ष एवं लिल्लार पुरी सचिव चुने गए हैं। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सामाजिक संविधान का पालन करते हुए समाजोत्थान एवं समाज हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। मीडिया प्रभारी कामेश्वर पुरी ने बताया कि यह भवन भविष्य में सामाजिक बैठकों, मांगलिक कार्यों और विद्यार्थियों की सहायता के लिए उपयोग में लाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन पूर्व कोषाध्यक्ष संजय पुरी एवं आभार प्रदर्शन संगठन सचिव भूपेन्द्र पुरी ने किया। इस अवसर पर गिरेन्द्र पुरी, छबीलाल पुरी, विनोद पुरी, पोखराज पुरी, संजय पुरी, हरीश पुरी, परमात्मा पुरी, व्यास गिरी, पुरुषोत्तम गिरी, कौशल गिरी, विनोद,पोखराज,नारायण गिरी, रोहित,यशवंत सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु मौजूद थे।