गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 14 मार्च। कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश पर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के खिलाफ खाद्य विभाग ने कार्रवाई की है। जांच के दौरान चार प्रतिष्ठानों से कुल 19 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 11 भरे हुए और 8 खाली सिलेंडर शामिल हैं। जिला खाद्य अधिकारी अरविंद दुबे ने बताया कि ऑयल कंपनियों के निर्देशानुसार घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान ऑथेंटिक फूड एशियन रेस्टोरेंट से 2 भरे और 4 खाली सिलेंडर, शिव फैमिली रेस्टोरेंट से 3 भरे और 2 खाली सिलेंडर, अमन फैमिली रेस्टोरेंट से 3 भरे सिलेंडर तथा होटल हार्मोनी एंड जायका रेस्टोरेंट से 3 भरे और 2 खाली गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
खाद्य विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।