गरियाबंद
नवापारा-राजिम, 7 मार्च। नवापारा इलाके में पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक के सिर और चेहरे पर पत्थर से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पोड़ निवासी राजकुमार ध्रुव ने पुलिस को बताया कि 3 मार्च की रात करीब 11 बजे उनके मंझले बेटे सागर ध्रुव पर गांव के उचित मूल्य की दुकान (सोसायटी) के पास हमला किया गया। बताया गया कि पुराने विवाद की रंजिश को लेकर गांव के अमन बंजारे, चैतन्य बंजारे उर्फ बिट्टू और एक अपचारी बालक ने मिलकर सागर ध्रुव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पत्थर से सिर पर वार, युवक लहूलुहान
आरोप है कि इसी दौरान अमन बंजारे ने पत्थर से सागर ध्रुव के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जबकि अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद गांव लोगों ने घायल युवक को उसके घर लेकर पहुंचे।
परिजनों के अनुसार घायल सागर ध्रुव ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी और पानी पीकर सो गया, लेकिन अगली सुबह उसकी तबीयत बिगडऩे लगी और उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भर्ती कर लिया।
मामले की शिकायत पर गोबरा नवापारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 296 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर भी जब्त कर लिया है।


