गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 7 मार्च। विश्व महिला दिवस पर नगर पालिका परिषद,गोबरा नवापारा की अध्यक्ष एवं भाजपा जिला महिला मोर्चा महामंत्री ओमकुमारी-संजय साहू ने सभी महिलाओं एवं मातृशक्तियों विश्व महिला दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुवे कहा कि हर महिला अपने आप में विशिष्ट एवं शक्तिशाली होती है। बशर्ते उन्हें अपने शौर्य एवं साहस का ज्ञान होना आवश्यक है।
महिला प्रेम एवं त्याग की प्रतिमूर्ति है। महिला सृजन, शक्ति और सहनशीलता की मिसाल है। जब महिलाएं आगे बढ़ती है, तो पूरा समाज प्रगति करता है। वह सिर्फ घर नहीं बल्कि पूरी दुनिया को संवारने की ताकत रखती है। समाज तभी समृद्ध होगा, जब हर नारी को उसका हक मिलेगा। महिलाएं इतिहास लिखती है भविष्य गढ़ती है और हर चुनौती को स्वीकार करती है। उनकी हिम्मत मेहनत और आत्मविश्वास उसको सबसे अलग करती है क्योंकि वह सिर्फ परिवार ही नहीं पूरी सभ्यता का आधार है।
उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में महिलाओं का प्रतिनिधित्व प्रत्येक क्षेत्र में बढ़ा है। कई ऐसे क्षेत्र है जहां केवल महिलाओं का ही एकाधिकार है। महिला स्वसहायता समूह, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, मितानिन दीदी के कार्य भारत के लिए विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। जब जब देश की बलिदान को आवश्यकता पड़ी तब भारत की वीरांगनाओं ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश का मान बढ़ाया। रानी लक्ष्मी बाई की अदम्य साहस देश की सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा देता है। विगत वर्ष जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले का मुहतोड़ जवाब ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत की दो महिला सैन्य अधिकारियों के नेतृत्व में दिया गया। पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकी ठिकानों को तहस नहस कर भारत का सर गर्व से ऊंचा किया। देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद से जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में महिलाओं की अहम हिस्सेदारी से यह स्पष्ट है कि महिलाओं की भागीदारी अहम, विशिष्ट एवं सर्वप्रधान है।


