गरियाबंद

लोगों ने जमकर मनाई होली, नगाड़ों की थाप पर झूमे लोग
06-Mar-2026 5:00 PM
लोगों ने जमकर मनाई होली, नगाड़ों की थाप पर झूमे लोग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 6 मार्च। नवापारा और राजिम सहित अंचल में रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर के विभिन्न मोहल्लों में होली की धूम देखने को मिली। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए और एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी। पूरे नगर में आपसी भाईचारे और उल्लास का वातावरण बना रहा।

होली के अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता भी लोगों के बीच पहुंचे। इस दौरान राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राज्य गृह भंडार निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू सहित अनेक नेताओं ने समर्थकों, मित्रों और शहरवासियों को मिठाई खिलाकर होली के पर्व की बधाई दी और सभी के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

नगर के कई स्थानों पर पारंपरिक अंदाज में होली मनाई गई। ढोल-नगाड़ों की थाप पर होलियारे झूमते-गाते नजर आए। रंग और गुलाल की बौछार के बीच लोग नाचते-गाते हुए होली के गीतों पर थिरकते रहे। बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला, जो पिचकारी से रंगों की फुहार उड़ाते हुए पूरे दिन होली के रंग में डूबे रहे। सुबह से लेकर देर शाम तक नगर के चौक-चौराहों और गलियों में लोगों को होली खेलते देखा गया। लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर रंग-गुलाल लगाया और मिठाई खिलाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस तरह राजिम नगर में होली का त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और रंगों के इस पर्व की खुशियों को साझा किया।


अन्य पोस्ट