गरियाबंद
धान चोरी कर वजन बढ़ाने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 6 मार्च। अभनपुर विधानसभा अंतर्गत आरंग ब्लाक के सहकारी समिति में धान खरीदी के बाद गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि समिति के कुछ कर्मचारियों द्वारा धान की बोरियों में पाइप के माध्यम से पानी डाला जा रहा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद क्षेत्र में हडक़ंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर जिले के आरंग ब्लाक के ग्राम भलेरा में कर्मचारियों द्वारा धान की बोरियों में पाइप के माध्यम से पानी डाला जा रहा था। जब समिति परिसर में यह कार्य किया जा रहा था, उसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने कर्मचारियों की इस हरकत को अपने मोबाइल में कैद कर लिया और इसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। जब किसानों और ग्रामीणों तक यह वीडियो पहुंचा तो उन्होंने मौके पर पहुंच कर इसका जमकर विरोध किया।
किसानों का आरोप है कि धान की बोरियों में पानी डालकर उसका वजन बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उनका कहना है कि किसानों से धान खरीदते समय माइश्चर (नमी) बता कर 700 ग्राम धान ऊपर लिया जाता है फिर पानी डालकर धान गीला क्यों किया जा रहा है? ये धान चोरी करने की साजिश है।
सख्त कार्रवाई
करने की मांग
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितता दोबारा न हो। अब इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


