गरियाबंद
जुनवानी में सीसी रोड का भूमिपूजन, कनेसर में रंगमंच का लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम/छुरा, 3 मार्च। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय सरकार के नेतृत्व में विकास कार्य अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई देने लगे हैं। सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र पर कार्य करते हुए सरकार प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचा रही है। यह बात राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने ग्राम पंचायत कनेसर में नवनिर्मित रंगमंच के लोकार्पण तथा आश्रित ग्राम जुनवानी में सीसी रोड के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान कही।
ग्राम पंचायत कनेसर के स्कूल प्रांगण में आयोजित गरिमामय समारोह में विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने की। विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जनपद सदस्य अवधराम साहू, मंडल अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप पांडेय, मंडल महामंत्री पालेंद्र साहू, सरपंच योगेश ध्रुव, उपसरपंच लता मूलचंद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन प्रभावी रूप से लागू है। हाल ही में राज्य के लाखों किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि अंतरित की गई है, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकार किसानों और गरीबों की सच्ची हितैषी है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में अधोसंरचना का विस्तार हो रहा है। सडक़ों का निर्माण हो या स्कूलों में सांस्कृतिक मंच की व्यवस्था, हर क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति से छत्तीसगढ़ का हर कोना निरंतर प्रगति कर रहा है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्राथमिकता है। विधायक के मार्गदर्शन में छुरा क्षेत्र के गांवों में सडक़, नाली और सामुदायिक भवन जैसे कार्य तेजी से स्वीकृत और पूर्ण हो रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और संस्कृति समाज के विकास की आधारशिला हैं। कनेसर के स्कूल में रंगमंच निर्माण से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा। उन्होंने राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना और किसान हितैषी निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं से हर घर में खुशहाली आई है। कार्यक्रम में अन्य अतिथियों ने भी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों की प्रशंसा की। दोनों ग्रामों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।


