गरियाबंद

बाइकें भिड़ीं, एक मौत, दूसरा गंभीर
27-Feb-2026 4:07 PM
बाइकें भिड़ीं, एक मौत, दूसरा गंभीर

राजिम, 27 फरवरी। राजिम में बुधवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।  मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिंधौरी निवासी ईश्वर यादव राजिम से अपने गांव की ओर जा रहे थे। वहीं गरियाबंद की ओर से रायपुर निवासी ओमप्रकाश देवांगन राजिम की तरफ आ रहे थे। बताया जा रहा है कि राजिम-गरियाबंद मार्ग पर प्रेमरतन पैलेस के आगे दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों चालक सडक़ पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजिम पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रायपुर निवासी ओमप्रकाश देवांगन को मृत घोषित कर दिया।

वहीं सिंधौरी निवासी ईश्वर यादव की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट