गरियाबंद

डीजे पर प्रतिबंध, हुड़दंगियों व यातायात नियम तोडऩे वालों पर रहेगी कड़ी नजर
27-Feb-2026 4:07 PM
डीजे पर प्रतिबंध, हुड़दंगियों व यातायात नियम तोडऩे वालों पर रहेगी कड़ी नजर

होली पर्व को लेकर पुलिस की शांति समिति बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 27 फरवरी। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा राजिम थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के दिशा-निर्देश एवं राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।

बैठक में एसडीएम, तहसीलदार, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रमुख एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने होली पर्व को पारंपरिक गरिमा, आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने का संकल्प लिया।

असामाजिक तत्वों रहेगी पैनी नजर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान हुड़दंग करने वाले, जबरन रंग लगाने वाले, नशे की हालत में वाहन चलाने वाले तथा अन्य असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। ऐसे लोगों के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।

स्कूली परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए होली के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी देने की अपील की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए ग्राम कोटवारों को मुनादी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए हर्षोल्लास के साथ होली मनाने की अपील की और अग्रिम शुभकामनाएं दीं।


अन्य पोस्ट