गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 27 फरवरी। छत्तीसगढ़ में साय सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत 1.72 लाख करोड़ रुपये के बजट पर पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत यह बजट प्रदेश के सर्ववर्गीय विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 1.72 लाख करोड़ का यह बजट केवल आंकड़ों का विस्तार नहीं, बल्कि विश्वास, सुशासन और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का दृढ़ संकल्प है। बजट में कृषक उन्नति योजना हेतु 10,000 करोड़, विद्युत पंपों के लिए 5,500 करोड़ की बिजली सब्सिडी, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए 820 करोड़, दीनदयाल भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना हेतु 600 करोड़ तथा गन्ना किसानों के बोनस के लिए 60 करोड़ रुपये शामिल हैं।
महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश में 250 महतारी सदनों के निर्माण के लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण के लिए 800 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिससे पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। पूर्व मंत्री साहू ने कहा कि यह बजट सुशासन से समृद्धि की दिशा में एक मजबूत और ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को जनकल्याणकारी एवं दूरदर्शी बजट के लिए बधाई दी।
किसान हित सर्वोपरि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा - राजेश साहू

नवापारा-राजिम। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री राजेश साहू ने बजट को अन्नदाता के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि को समर्पित बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट स्पष्ट करता है कि कृषि केवल परंपरा नहीं, बल्कि राज्य की आर्थिक धुरी है। प्रदेश मंत्री ने कहा कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए 13,500 करोड़ से अधिक का प्रावधान सरकार की गंभीरता को दर्शाता है। विशेष रूप से 10,000 करोड़ की कृषक उन्नति योजना के तहत सीधे किसानों के खातों में राशि अंतरित करने की व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी और किसानों को आत्मनिर्भर बनाएगी।
धान खरीदी व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर 25 लाख से अधिक किसानों से 140 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी और समयबद्ध भुगतान ने किसानों का विश्वास मजबूत किया है। सिंचाई विस्तार के लिए 5,500 करोड़ तथा इंद्रावती नदी पर 2,000 करोड़ से अधिक के बैराज निर्माण से 32,000 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि सिंचित होगी, जिससे फसल विविधीकरण और उत्पादकता बढ़ेगी।
विकसित छत्तीसगढ़ का मार्ग प्रशस्त करने वाला बजट - ओमकुमारी

नपा अध्यक्ष एवं भाजपा जिला महिला मोर्चा महामंत्री ओमकुमारी-संजय साहू ने विकसित छत्तीसगढ़ का मार्ग प्रशस्त करने वाला बजट बताया है। संकल्प के थीम पर वित्तीय वर्ष 26-27 के बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुवे नपा अध्यक्ष ने कहा कि बजट में 18 वर्ष पूर्ण होने पर बालिकाओं को डेढ़ लाख दिए जाने की घोषणा स्वागत योग्य है। इस घोषणा से महिला शसक्तीकरण को बल मिलेगा। छत्तीसगढ़ सरकार 5 मुख्य मिशन पर कार्य कर रही है। इसमें मुख्यमंत्री एआई मिशन, पर्यटन विकास मिशन, खेल उत्कृष्ट मिशन, अधोसंरचना मिशन, और मुख्यमंत्री स्टार्टअप और निपुण मिशन है। हर मिशन के लिए 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। जिसका प्रत्यक्ष लाभ छत्तीसगढ़ के किसान, युवा, खिलाडिय़ों, व्यापारियों एवं आम लोगों को मिलेगा।
विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशीला है बजट - महेश यादव

राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशीला है। सरकार ने इस बजट में गांव, गरीब किसान, मजदूर, बुजुर्गों और महिलाओं का खास ध्यान रखा है। नये-नये संस्थानों को राज्य में आने का न्यौता भी दिया जा रहा है, साथ ही बेरोजगार युवाओं के लिये भी कई रोजगार भी शामिल है।
बजट विकास को समर्पित - सोमनाथ पटेल

पंडित राम विशाल उत्कृष्ट अंग्रेजी मीडियम स्कूल के सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता सोमनाथ पटेल ने कहा कि यह बजट जन हित और विकास को समर्पित बताया है, उन्होंने कहा कि बजट प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और हर वर्ग के उत्थान के उद्देश्य से तैयार किया गया है। बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए है, उन्होंने उसे गांव, गरीब और किसान हित में बताया है और कहा कि सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचना है। उन्होंने कहा कि बजट में अधोसंरचना विकास, शिक्षा स्वास्थ्य और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है।
किसान और युवा विरोधी है 2026-27 का बजट - यशवंत साहू

जिला पंचायत रायपुर के सदस्य यशवंत साहू ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के किसानों और युवाओं के हित में नहीं है तथा इसमें कृषि क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं और चुनौतियों की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान बढ़ती लागत बीज, खाद, डीज़ल, बिजली और कृषि यंत्रों की महंगाई से जूझ रहे हैं, लेकिन बजट में इन समस्याओं के समाधान हेतु कोई ठोस राहत या विशेष प्रावधान नहीं किया गया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य और कृषि अनुदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी अपेक्षित सुधार नहीं दिखता।
यशवंत साहू ने आरोप लगाया कि सिंचाई व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए कोई नई व्यापक योजना सामने नहीं आई है। वर्षा पर निर्भर खेती करने वाले किसानों के लिए जल संसाधनों का विस्तार, नहरों, तालाबों और लघु सिंचाई परियोजनाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है, किंतु बजट में इस दिशा में कोई ठोस पहल नजर नहीं आती। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए भी प्रभावी कदमों का अभाव है। बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं को इस बजट से नई उम्मीद नहीं मिली है।
जिला पंचायत सदस्य ने सरकार से मांग की है कि किसानों की बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए विशेष राहत पैकेज घोषित किया जाए, सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाए तथा युवाओं के लिए ठोस रोजगार एवं कौशल विकास योजनाएं प्रारंभ की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्नदाता और युवा वर्ग की अपेक्षाओं की अनदेखी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है और इस बजट की कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
‘‘संकल्प बजट’’ विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में समावेशी प्रयास - योगिता सिन्हा

प्रदेश महिला मोर्चा सदस्य योगिता सिन्हा ने कहा कि प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा विधानसभा पटल पर प्रस्तुत किया गया बजट विकसित छत्तीसगढ़ राज्य का मार्ग प्रशस्त करेगा। बजट में आधुनिक विजन एवं आगामी वर्षों में समृद्ध एवं विकसित छत्तीसगढ़ के लिए रोड मैप की परिकल्पना से बजट पेश किया गया है। जिसमें गांव, गरीब, मजदूर, महिला, युवा, व्यवसायी एवं शासकीय कर्मचारियों की हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। बालिकाओं की आर्थिक समृद्धि, छत्तीसगढ़ की अधोसंरचना,गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, महिला सुरक्षा को ध्यान में रखकर समावेशी बजट निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ के विकास एवं अर्थव्यवस्था को तेज गति प्रदान करेगा। बुजुर्गों के लिए शक्ति पीठ भ्रमण योजना की सौगात, राजिम में माता राजिम की भव्य कास्य प्रतिमा, छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना महतारी, वंदन योजना का विस्तार, जी-राम-जी योजना में अधिक बजट का प्रत्यक्ष लाभ से छत्तीसगढ़ खुशहाली एवं समृद्धि की राह पर अग्रसर होगा।


