गरियाबंद

बजट में प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए कुछ नहीं-हरमेश चावड़ा
25-Feb-2026 3:41 PM
बजट में प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए कुछ नहीं-हरमेश चावड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 25 फरवरी। राज्य के आम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष हरमेश चावड़ा ने राज्य सरकार की वित्तीय नीति और कर्ज को लेकर सवाल उठाए।

चावड़ा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने लगभग 28 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लिया है। उनका दावा है कि इससे राज्य पर कुल कर्ज बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की वित्तीय नीतियों का असर आने वाले वर्षों में दिखाई देगा।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान भी किसानों के लिए योजनाएं संचालित की गई थीं, लेकिन उनके अनुसार वर्तमान सरकार को अधिक कर्ज लेने की आवश्यकता नहीं थी।

चावड़ा ने बजट को लेकर कहा कि इसमें किसानों, युवाओं और अन्य वर्गों के लिए पर्याप्त प्रावधान नहीं किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि रोजगार सृजन, कृषि क्षेत्र और महंगाई से राहत के लिए स्पष्ट और ठोस योजना दिखाई नहीं देती। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बजट घोषणाओं पर अधिक केंद्रित है और पूर्व वादों की समीक्षा कम है। उन्होंने कहा-इस बजट में कहीं भी ढूंढ लीजिए, किसानों के लिए कुछ नहीं है, युवाओं के लिए रोजगार के लिए कुछ नहीं है, प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए कुछ नहीं है। यह बजट एक खोखले खिलौने जैसा है जिससे कोई आवाज भी नहीं आती।


अन्य पोस्ट