गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 22 फरवरी। ग्राम मानिकचौरी में आयोजित स्वर्गीय मान बाई साहू की पूण्य स्मृति में श्रीशिव महापुराण कथा एवं वार्षिक श्राद्ध कार्यक्रम इन दिनों भक्तिमय वातावरण में जारी है। 19 फरवरी से प्रारंभ हुई यह पावन कथा 23 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5 बजे तक संपन्न हो रही है।
कथा व्यास पूज्य पंडित कृष्णचंद्र दुबे पराशर जी अपने श्रीमुख से भगवान शिव की महिमा,भक्ति और धर्म के गूढ़ रहस्यों का सरल एवं भावपूर्ण वर्णन कर रहे हैं। उनके ओजस्वी वचनों से श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कथा का रसास्वादन कर रहे हैं। इसी क्रम में पंडित जी द्वारा 21 फरवरी शनिवार को शिव-पार्वती विवाह महोत्सव मनाया गया। इस दौरान उन्होंने कथा के माध्यम से शिव पार्वती विवाह का विस्तृत वर्णन किया। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर शिव महापुराण का श्रवण कर रहे हैं। संपूर्ण वातावरण हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो रहा है।
इस धार्मिक आयोजन का संचालन साहू परिवार द्वारा श्रद्धा और समर्पण भाव से किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर भक्तों के लिए बैठने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से की गई हैं। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति के साथ पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू,क्षेत्रीय विधायक इंद्र कुमार साहू, बुद्धेश्वर साहू, राधिका रमेश कुमार साहू,गोमती बलराम साहू,प्रिया नरसिंह साहू,हेमलता अवध राम साहू,साधना हालधर साहू सहित सैकड़ो ग्राम वासी इस कथा का धार्मिक लाभ ले रहे हैं। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि 23 फरवरी सोमवार को वार्षिक श्राद्ध,शिव कथा सार,यज्ञ पूर्णाहुती के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। जिसमें अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक पुण्य लाभ लेवे।


