गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 21 फरवरी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा की जिले में शांतिपूर्ण शुरुआत हुई। पहले दिन भौतिकी और भूगोल विषय की परीक्षा संपन्न हुई। वहीं शनिवार को 10वीं बोर्ड की परीक्षा हुई। इस वर्ष जिले में कक्षा 10वीं के 7,408 और कक्षा 12वीं के 5,507 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
कलेक्टर बीएस उइके ने कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा परीक्षा को गोपनीय और नियमों के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए। पहले दिन किसी भी केंद्र से नकल की शिकायत सामने नहीं आई।
जिले में कुल 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें गरियाबंद में 10, छुरा में 17, फिंगेश्वर में 19, मैनपुर में 13 और देवभोग में 9 केंद्र शामिल हैं। सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, गोपनीयता और समयबद्ध संचालन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उडऩदस्ता दल भी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। केंद्रों पर पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।


