गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 16 फरवरी। गरियाबंद जिले के मरौदा गांव स्थित जंगलों के बीच विराजित स्वयंभू बाबा भूतेश्वर नाथ के दरबार में महाशिवरात्रि पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र, ओडिशा और मध्यप्रदेश से भी हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने पहुंचे।
महाशिवरात्रि के अवसर पर भूतेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या देखी गई। रविवार, 15 फरवरी की रात 12 बजे के बाद से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में भीड़ बढ़ गई। स्थानीय प्रशासन के अनुसार छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ महाराष्ट्र, ओडिशा और मध्यप्रदेश से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारे सुनाई देते रहे।
हर वर्ष महाशिवरात्रि पर यहां विशेष आयोजन होता है। इस वर्ष भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा व्यवस्था की गई थी। अधिकारियों के अनुसार आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


