गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 10 फरवरी। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, गरियाबंद में प्राचार्य से जुड़े मामले को लेकर छात्र-छात्राओं द्वारा विरोध दर्ज कराया गया। सोमवार को विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य की पुन: बहाली के विरोध में विद्यालय परिसर से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं को समझाने के लिए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रयास किया गया, लेकिन वे अपने विरोध पर कायम रहे। कलेक्ट्रेट पहुंचकर छात्र-छात्राओं ने अपर कलेक्टर से मुलाकात कर आवेदन सौंपा। इसके बाद उन्हें वापस विद्यालय भेज दिया गया।
इसी दिन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कार्यालयीन आदेश के तहत जारी प्राचार्य की बहाली संबंधी आदेश को निरस्त कर दिया गया।
आदेश के अनुसार वंदना पाण्डेय को निलंबन से बहाल कर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, गरियाबंद में प्राचार्य के रिक्त पद पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया था, जिसे तत्काल प्रभाव से रद्द किया गया है।
छात्र-छात्राओं के विरोध के बाद शिक्षा विभाग द्वारा बहाली आदेश निरस्त किए जाने से विद्यालय में चल रहे विवाद पर फिलहाल स्थिति सामान्य होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।


