गरियाबंद
नवापारा-राजिम, 7 फरवरी। महानदी घाट पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। सुबह ग्रामीणों ने नदी में एक शव को पानी में तैरते हुए देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकाला गया। घटना आरंग थाना क्षेत्र का है।
बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव महानदी में मिला है। शव के चेहरे पर खून के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष के बीच है। मृतक ने लाल-कत्थई रंग की टी-शर्ट और काले रंग का पैंट पहन रखा था। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है। महानदी में शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यह आत्महत्या का मामला है, हत्या या फिर कोई दुर्घटना इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच कर रही है।
शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। शिनाख्त न होने के कारण शव को फिलहाल मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस द्वारा आसपास के थानों और क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि किसी को मृतक के हुलिए के आधार पर कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल आरंग थाना पुलिस से संपर्क करें। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


