गरियाबंद

दुतकैया मामला : मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
07-Feb-2026 8:04 PM
दुतकैया मामला : मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

राजिम, 7 फरवरी। गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुतकैया (खपरी) में दो समुदाय विवाद के चलते हुई आगजनी एवं तोडफ़ोड़ की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी गरियाबंद द्वारा जारी आदेश के अनुसार मामले की जांच के लिए अनुविभागीय दण्डाधिकारी राजिम विशाल महाराणा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक गरियाबंद द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन में बताया गया है कि 1 फरवरी 2026 को ग्राम दुतकेरा (खपरी) में दो समुदायों के बीच विवाद के चलते तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस दौरान एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के घरों में आगजनी और तोडफ़ोड़ की घटना को अंजाम दिया गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। जिला प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच कराने का निर्णय लिया है।

जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि आगजनी एवं हिंसक घटना किन परिस्थितियों में हुई तथा इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान करें। साथ ही गांव में जनहानि, संपत्ति नुकसान सहित अन्य प्रकार की हानि का भी परीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रशासन ने भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत करने को कहा है। जिला प्रशासन ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है।


अन्य पोस्ट