गरियाबंद

घर में सेंधमारी कर जेवर-नगदी चोरी
07-Feb-2026 8:03 PM
घर में सेंधमारी कर जेवर-नगदी चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 7 फरवरी। नवापारा इलाके में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। घर में अज्ञात चोरों द्वारा सेंधमारी कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम भुरका निवासी पीडि़त युगल सेन ने पुलिस को बताया कि वह नाई का काम करने के साथ-साथ कृषि कार्य भी करते हैं। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री रहती है, जबकि बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है। पीडि़त ने बताया कि उसने छोटी बेटी की शादी के लिए सोने-चांदी के जेवरात खरीदकर घर के दीवान और पलंग के अंदर रखे चादर वाले पेटी में सुरक्षित रखे थे।

पड़ोसन की सूचना पर खुला चोरी का राज

5 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पूरे परिवार के साथ ग्राम तेंदूकोना, जिला महासमुंद में बड़ी बेटी सुप्रभा सेन के बच्चों के नामकरण संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गया था। 06 फरवरी की सुबह करीब 08 बजे उसके पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि पीडि़त के घर का दरवाजा खुला हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही युगल सेन अपने परिवार के साथ वापस ग्राम भुरका पहुंचे।

घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कमरे का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। दीवान, पलंग और गोदरेज आलमारी खुले हुए थे तथा चादर वाला पेटी टूटा हुआ था। अज्ञात चोरों ने पेटी में रखे गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी को चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पीडि़त की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट