गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 6 फरवरी। राजिम क्षेत्र में भीषण सडक़ हादसा हुआ है। बारात में शामिल होने जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने वाहन सवारों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे में 2 से 3 युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार कल दुर्ग जिले के अण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जंजगिरी से छह युवक बोलेरो वाहन में सवार होकर राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी बारात में शामिल होने जा रहे थे। जब वाहन राजिम से करीब एक किलोमीटर दूर सोहम हॉस्पिटल के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और बोलेरो सडक़ किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के चारों पहिए ऊपर की ओर हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते आसपास के लोगों व राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो में फंसे युवकों को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में घायल 2-3 युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और घायलों की जानकारी जुटा रही है।


