गरियाबंद
इजराइल से पहुंचे पर्यटकों ने कहा - ‘राजिम कुंभ इस बेस्ट’
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 5 फरवरी। विश्व प्रसिद्ध राजिम कुंभ कल्प मेला में देशभर के श्रद्धालुओं के साथ अब विदेशी पर्यटकों भी पहुंचने लगे हैं। मेला के चौथे दिन बुधवार को इजराइल से पहुंचे विदेशी पर्यटक त्रिवेणी संगम क्षेत्र पहुंचे, जहां महानदी आरती और धार्मिक वातावरण को देखकर वे अभिभूत नजर आए।
विदेशी पर्यटकों ने संगम घाट, संत-साधुओं, धार्मिक अनुष्ठानों और लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया तथा मेला क्षेत्र के हर पल को अपने कैमरे में कैद किया। मुक्त कंठ से अपनी भाषा में बातचीत करते हुए उन्होंने बार-बार राजिम बेस्ट कहकर अपनी प्रसन्नता जाहिर की। उम्रदराज विदेशी पर्यटक को देखकर आसपास मौजूद श्रद्धालुओं की भी नजरें उन पर टिक गईं।
विदेशी पर्यटकों ने राजिम कुंभ की भव्यता, सुव्यवस्थित व्यवस्था और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की। उनकी मौजूदगी से राजिम कुंभ कल्प मेला की अंतरराष्ट्रीय पहचान और अधिक मजबूत होती दिखाई दे रही है। मेला में पहुंचने वाले लोग भी विदेशी पर्यटक के साथ सेल्फी लेते रहे।


