गरियाबंद

नपा के सामने कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, धनेन्द्र का भाजपा सरकार पर तीखा हमला
30-Jan-2026 4:59 PM
नपा के सामने कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, धनेन्द्र का भाजपा सरकार पर तीखा हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 30 जनवरी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में नगर पालिका कार्यालय के सामने कांग्रेस पार्टी ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। नारेबाजी और जोशीले भाषणों के बीच आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं महिलाएं शामिल रहीं। धरना स्थल पर माहौल पूरी तरह से राजनीतिक जोश और आक्रोश से भरा रहा।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे और आक्रामक शब्दों में हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा ईमानदारी और जनता की सेवा के बल पर चुनाव लड़ती है, जबकि भाजपा बेईमानी, छल और सत्ता के दुरुपयोग के सहारे सत्ता में आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार को न जनता की समस्याओं की चिंता है और न ही लोकतांत्रिक मूल्यों की परवाह।

श्री साहू ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर आम आदमी की आवाज दबाने का काम कर रही है। व्यंग्यात्मक लहजे में उन्होंने कहा कि कांग्रेसजन भगवान से प्रार्थना करते हैं कि इस सरकार को सद्बुद्धि दे, ताकि वह जनता के दुख-दर्द को समझ सके।

धरने को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामा यादव, पूर्व अध्यक्ष सौरभ शर्मा, नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष संध्या राव, पूर्व पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी, पूर्व सभापति रमेश तिवारी, रेखा तिवारी, दीपाली राजपूत, हेमंत साहनी, रामरतन निषाद, चतुर जगत सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने संबोधित किया। नेताओं ने जल कर सहित नगर पालिका से जुड़ी 9 सूत्रीय जनसमस्याओं को उठाते हुए भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। कार्यक्रम के अंत में पीसीसी के पूर्व चीफ धनेन्द्र साहू सहित कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

धरना-प्रदर्शन में नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंह, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष पार्षद अजय साहू, मंडल अध्यक्ष अजय कोचर, राजा चांवला, अनुप खरे, रामकुमार शर्मा, शेखर बाफना, सौरभ सोनी, रघुबीर, पार्षद अर्जुन साहू, टिकेश्वर गिलहरे, फागू राम देवांगन, सचिन बंगानी, निर्माण यादव, मंगराज सोनकर, मुरली राजपूत, सुनील जैन, अहमद रिजवी, रुखमणी साहू, विजय तारक, सुरेन्द्र साहू, बल्लू देवांगन, महेश साहू, अहमद रजा, गोल्डी पारख, अशोक यादव, मानसिंह ध्रुव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामा यादव एवं पार्षद तरुण कंसारी ने किया।


अन्य पोस्ट