गरियाबंद
गरियाबंद, 10 जनवरी। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य व्यापक स्तर पर निरंतर जारी है। किसानों द्वारा बड़ी मात्रा में धान की आवक को देखते हुए कलेक्टर बी.एस. उईके ने जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर श्री उईके ने जिले के सोहागपुर एवं बारूला स्थित धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय उन्होंने केंद्रों में स्टैकिंग व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए तथा बारदाना की उपलब्धता, स्टैकिंग में रखी बोरियों की संख्या का भौतिक सत्यापन कराया।
कलेक्टर ने धान खरीदी की कुल मात्रा, विक्रय हेतु शेष किसानों की संख्या एवं अब तक किए गए कुल धान उठाव की विस्तृत जानकारी भी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान प्रत्येक धान बोरी का प्रत्यक्ष वजन कराया गया, जिसमें वजन में भिन्नता पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इस लापरवाही पर धान खरीदी केंद्र सोहागपुर एवं बारूला के संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री उईके ने बताया कि माह की अंतिम तिथि तक धान खरीदी की संभावना को देखते हुए ऑनलाइन टोकन वितरण व्यवस्था बंद कर दी गई है। किसानों को 23 तारीख तक टोकन का वितरण किया जा चुका है। शेष बचे किसानों के लिए केंद्र नोडल अधिकारी द्वारा जांच एवं सत्यापन के पश्चात समितियों में जाकर टोकन जारी किए जाएंगे।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को धान उठाव की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए अधिक से अधिक उठाव सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्टैकिंग व्यवस्था को लेकर असंतोष व्यक्त करते हुए केंद्रों को सुव्यवस्थित रखने तथा परिसर में रखे धान की शीघ्र स्टैकिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान विक्रय में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।


