गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 8 जनवरी। राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद पहली बार राजिम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नगरवासियों द्वारा भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव का नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव के नेतृत्व में सभी पार्षदों ने लड्डू से तौलकर आत्मीय अभिनंदन किया। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के नगर आगमन पर पूरे राजिम में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर के विभिन्न वार्डों में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें सीसी रोड, तीन सामुदायिक शेड, पुस्तकालय भवन, पेवर ब्लॉक सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों पर कुल 330.28 लाख रुपये की लागत आई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नगर में स्थापित गीता प्रेस का विधिवत उद्घाटन भी किया। गीता प्रेस के शुभारंभ से धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक साहित्य के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा मिलेगा तथा आमजन को सुलभ रूप से धार्मिक ग्रंथ उपलब्ध हो सकेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है। राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलना और ये विकास कार्य नगर के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी नगरवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और अधिक विकास कार्यों की प्रतिबद्धता जताई। वहीं विधायक रोहित साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ एवं राजिम विधानसभा के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भक्त माता राजिम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए नगर पालिका का दर्जा देने पर मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, अधिवक्ता स्वर्णलता यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, सभापति भारत यादव, आकाश राजपूत, मंशा कुर्रे, कुलेश्वर साहू, पार्षद बलराम यादव, तुषार कदम, जानकी पटेल, नरोत्तम ठाकुर, अंजली उत्तम निषाद, सुरेश पटेल, टंकू सोनकर, अजय पटेल, रेखा कुलेश्वर साहू, सुमित्रा यशवंत निराला, भाजपा नेता श्याम अग्रवाल, सोमनाथ पटेल, शरद पारकर, पुराण यादव सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।


