गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 5 जनवरी। समीपस्थ ग्राम नवागांव में 3 जनवरी को मड़ई मेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन चक्रधारी शामिल हुए। श्री चक्रधारी का ग्रामीणों और आयोजन समिति ने आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर मोहन चक्रधारी ने मेला मड़ई की परंपरा को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य और पारंपरिक कार्यक्रमों की सराहना की। कहा कि छत्तीसगढ़ की मेला-मड़ई जैसी परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं, जिन्हें सहेजकर आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा आमजन के हितों और अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी कार्यकर्ता तुलसीराम साहू, संजय विश्वकर्मा, राज यादव, मानिकराम, मस्त राम साहू, खोमेश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, युवा और महिलाएं मौजूद रहीं।


