गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 3 जनवरी। राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू की सक्रियता और सतत प्रयासों का लाभ क्षेत्र की जनता को लगातार मिल रहा है। विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ गई है। विधायक के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप राजिम से फिंगेश्वर होते हुए महासमुंद तक लगभग 35 किलोमीटर लंबे मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन के लिए 146.86 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति शासन से प्राप्त हुई है।
राजिम को महासमुंद से जोडऩे वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में था और इसकी मरम्मत व उन्नयन की मांग वर्षों से की जा रही थी। मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब इस मार्ग के उन्नयन से गरियाबंद और महासमुंद दोनों जिलों के निवासियों को सुरक्षित, सुगम और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए विधायक रोहित साहू ने विगत दिनों मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर क्षेत्र की जनभावनाओं से अवगत कराया था और मार्ग के उन्नयन की मांग प्रमुखता से रखी थी। इसके पश्चात राज्य शासन द्वारा केंद्र सरकार को पत्र प्रेषित किया गया और अब जाकर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को मंजूरी मिली है।
क्षेत्र की जनता द्वारा लंबे समय से की जा रही मांग पर अब विराम लगेगा। मार्ग के सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विधायक रोहित साहू का आभार जताया है और इसे राजिम विधानसभा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर बताया है।
भाजपा की सरकार विकास कार्यों के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध
स्वीकृति मिलने पर विधायक रोहित साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अन्य लंबित कार्यों को भी तेजी और प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। विधायक ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की लंबित मांगें अब क्रमश: पूरी हो रही हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास कार्यों के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। डबल इंजन की सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्य दोगुनी गति से हो रहे हैं, जिसका प्रत्यक्ष लाभ राजिम विधानसभा की जनता को मिल रहा है।


