गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 1 जनवरी। नए वर्ष 2026 के आगमन के साथ ही नवापारा-राजिम शहर सहित समूचा अंचल जश्न में डूबा। नववर्ष की सुबह से ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का वातावरण बना रहा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री राजीव लोचन, श्री कुलेश्वर महादेव,सहित विभिन्न देवालयों में पहुंच कर पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। 31 दिसंबर की रात जैसे ही घड़ी की सुइयां 12 पर पहुंचीं, लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की बधाइयां देना शुरू कर दिया। राजिम शहर में युवाओं ने आतिशबाजी कर, नाचते-गाते नए साल का जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर डीजे की धुन पर लोग देर रात तक झूमते रहे। पिकनिक स्पॉट्स पर भी जश्न में डूबे लोगों की भारी भीड़ नजर आई।
सोशल मीडिया पर भी नए साल की धूम रही। लोग फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से अपने मित्रों और रिश्तेदारों को शुभकामनाएं भेजते रहे।


