गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 31 दिसंबर। शा.हरिहर उत्कृष्ट विद्यालय में अधिकांश शिक्षकों के हड़ताल पर चले जाने के बावजूद विद्यालय का संचालन पूरी तरह सुव्यवस्थित,अनुशासित एवं प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। विषम परिस्थितियों में भी विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखना प्राचार्य फाखरा खानम दानी के सशक्त नेतृत्व, दूरदर्शिता एवं कुशल प्रशासनिक क्षमता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। प्राचार्य के मार्गदर्शन में विद्यालय प्रबंधन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई, मूल्यांकन एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इसी उद्देश्य से विद्यालय में नियमित रूप से विविध शैक्षणिक एवं विकासात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए विद्यालय परिसर में एक घंटे का योग सत्र आयोजित किया गया। इस योग कक्षा का संचालन योगा टीचर रश्मि साहू द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली, एकाग्रता,आत्मसंयम एवं तनाव प्रबंधन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ योग सत्र में भाग लिया। योग सत्र के पश्चात विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण को ध्यान में रखते हुए आजनेय यूनिवर्सिटी के तत्वावधान में एक विशेष कैरियर गाइडेंस एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. जयेद्र, डायरेक्टर अंनजय यूनिवर्सिटी,मुख्य अतिथि एवं मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों,आधुनिक करियर विकल्पों, नवाचार,कौशल विकास तथा प्रतिस्पर्धात्मक युग में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विक्रम सिंह ठाकुर ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर विद्यार्थियों को प्लेसमेंट प्रक्रिया, इंडस्ट्री की वर्तमान मांग,सॉफ्ट स्किल्स एवं रोजगार प्राप्त करने हेतु आवश्यक तैयारी के संबंध में उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं रिकेश साहू मार्केटिंग मैनेजर ने मार्केटिंग, मैनेजमेंट एवं निजी क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान और कौशल आधारित शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।


