गरियाबंद

राजिम में अटल परिसर का लोकार्पण
28-Dec-2025 4:04 PM
राजिम में अटल परिसर का लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 28 दिसंबर। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता,  पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर राजिम में नवनिर्मित अटल परिसर का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।

 अटलजी के जन्म शताब्दी वर्ष को छत्तीसगढ़ सरकार अटल निर्माण वर्ष के रूप में मना रही है। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण व इसके विकास में उनके योगदान को रेखांकित करने तथा उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने उनके जन्म शताब्दी वर्ष में राज्य के हर नगरीय निकाय में अटल परिसर का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में  राजिम नगर पंचायत में नवनिर्मित अटल परिसर का विधायक रोहित साहू की प्रमुख उपस्थिति में भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया जहां नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर,मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू,पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा तथा नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों की उपस्थिति में फीता काटकर लोकार्पण किया एवं अटल जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

विधायक रोहित साहू ने न केवल परिसर का उद्घाटन किया बल्कि अपनी जनसेवा के दो सफल वर्षों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखा। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि अटल परिसर हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के सपनों के अनुरूप सुशासन का प्रतीक है। अटल जी की यह भव्य प्रतिमा हम जनसेवा और सुशासन की प्रेरणा देगा।

विधायक साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में देश ने सडक़, संचार,परमाणु शक्ति, विदेश नीति और आर्थिक सुधारों के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल कीं। उन्होंने राजिम की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित नगरपालिका परिषद के गठन की मांग पूरी होने पर बधाई दी।  नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी जब प्रधानमंत्री थे तब गांव गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना से बेहतर कनेक्टिविटी की शुरुआत हुई।विदेशी दबाव के बाद भी पोखरण परमाणु परीक्षण जैसे निर्णय उनकी देश के प्रति समर्पण का प्रतीक थी जो आज भी भारत की मजबूती की पहचान हैं। उन्होंने राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका परिषद में उन्नयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा विशेष रूप से विधायक रोहित साहू का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू ने संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू के प्रयासों की सराहना की तथा राजिम को नगरपालिका परिषद का दर्जा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम को पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा ने भी संबोधित किया तथा अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से वार्ड पार्षद उत्तम निषाद, पार्षद तुषार कदम,अजय पटेल,जानकी पटेल,आकाश राजपूत,लाला साहू,मनोज देवांगन,छाया राही,मधु नत्थानी,शरद पारकर,भारत यादव,पुरन यादव,संजीव साहू, रामकुमार साहू,अभिषेक सोनकर, सोमनाथ पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और नगरवासियों की उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट