गरियाबंद

गरियाबंद में इस्कॉन मंदिर का भूमिपूजन, 15 करोड़ से बनेगा
23-Dec-2025 4:18 PM
गरियाबंद में इस्कॉन मंदिर का भूमिपूजन, 15 करोड़ से बनेगा

मंदिर निर्माण से धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा-रमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता ,

गरियाबंद, 23 दिसंबर। जिला मुख्यालय गरियाबंद में इंटरनेशनल सोसायटी फॉर कृष्णा कॉन्शसनेस (इस्कॉन) द्वारा प्रस्तावित श्री श्री राधा गिरिधारी मंदिर के निर्माण हेतु सोमवार को भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर इस्कॉन छत्तीसगढ़ के प्रमुख भक्ति सिद्धार्थ स्वामी महाराज की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया।

जानकारी के अनुसार, मंदिर का निर्माण लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा और इसे दो वर्षों में पूर्ण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। मंदिर निर्माण के लिए गरियाबंद निवासी नीरज मिश्रा परिवार द्वारा चार एकड़ भूमि और एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है।

कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूप कुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, महासमुंद विधायक योगेश्वर सिन्हा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन सिंह मांझी, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, अनिल चंद्राकर, नीरज मिश्रा, शैलेंद्र साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, साधु-संत और नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर बी.एस. उइके और पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा भी मौजूद थे।

इस्कॉन छत्तीसगढ़ के प्रमुख भक्ति सिद्धार्थ स्वामी महाराज ने कहा कि मंदिर समाज में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में मुख्य गर्भगृह, सत्संग एवं प्रवचन हॉल, गोशाला, अतिथि भवन, गीता अध्ययन केंद्र, पुस्तक स्टॉल और पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित है। मंदिर शिखर की ऊंचाई 51 फीट होगी।

 

कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इस्कॉन संस्था द्वारा देश-विदेश में भारतीय संस्कृति और कृष्ण भक्ति का प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरियाबंद में मंदिर निर्माण से धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए इस्कॉन संस्था और भूमि दानदाता परिवार के योगदान का उल्लेख किया।

सांसद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि इस्कॉन मंदिर के निर्माण से जिले की धार्मिक पहचान को बल मिलेगा। राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि मंदिर क्षेत्र के लोगों को धार्मिक गतिविधियों से जोडऩे का कार्य करेगा। महासमुंद विधायक योगेश्वर सिन्हा ने इसे संस्कृति संरक्षण से जुड़ा प्रयास बताया।

कार्यक्रम से पूर्व डॉ. रमन सिंह के गरियाबंद आगमन पर तिरंगा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी पदाधिकारी और समर्थक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट