गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 19 दिसंबर। पिछले दिनों राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बुड़ेनी के छात्र छात्राओं सात दिवसीय शिविर का आयोजन ग्राम खिसोरा में किया गया। आवासीय शिविर में छात्रों को ग्राम स्वच्छता,पशु चिकित्सा,आत्म सुरक्षा,योग शिक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक राजू राम साहू एवं सहायक कार्यक्रम अधिकारी चंद्रशेखर निषाद ने बताया कि शाला के 35 छात्राओं एवं 20 छात्रों का दल ने खिसोरा में सात दिवसीय शिविर में हिस्सा लिया। जिसके अंतर्गत प्रशिक्षण, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक कार्यक्रमों में छात्र- छात्राओं ने बढ़चढक़र हिस्सा लिया। बौद्धिक कार्यक्रमों में जिले एवं अन्य जिले से कुशल वक्ताओं द्वारा छात्र छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत शिविर को सफल बनाने में खिसोरा ग्राम वासियों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
नशा नाश का कारण - योगिता सिन्हा
राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के बौद्धिक संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित भाजपा नेत्री एवं पृथ्वीम फाउंडेशन की अध्यक्ष ने नशा मुक्ति एवं शसक्त भारत विषय पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा नाश का कारण है। युवाओं में नशे की लत चिंता का विषय है। युवा कल के भविष्य है। विकसित राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की विशेष हिस्सेदारी है।आज के युवा कल के नए भारत के राष्ट्रनिर्माता बनेंगे। इसलिए युवाओं को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए कार्य करने की आवश्यकता है।
आत्मनिर्भरता से प्रशस्त होगा विकसित भारत की राह- भूपेंद्र सोनी
शिविर में विशेष वक्ता के रूप में नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी ने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को विकसित भारत का रोड मैप से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया किया कि आत्मनिर्भरता ही विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करेगा। युवाओं को शिक्षा के साथ कौशल शिक्षा एवं नैतिकता का ज्ञान आवश्यक है। भारत संस्कृति और सभ्यता के जननी की भूमि है। भारत राम और कृष्ण की धरा है। हमें उनके आदर्शों का अनुसरण करके राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।


