गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा/अभनपुर, 15 दिसंबर। जिला प्रशासन व खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में अभनपुर में विकासखंड स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन जियोदया नगर खेल मैदान, गातापार में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विकासखंड की महिला खिलाडिय़ों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया। एथलेटिक्स, खो-खो, रस्साकसी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, तवा फेंक, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, कुश्ती एवं फुटबॉल सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाडिय़ों ने अपना दमखम दिखाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू रहे। अध्यक्षता जनपद पंचायत सभापति ब्रह्मानंद साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अभनपुर के समस्त सदस्य, ग्राम पंचायत गातापार की सरपंच सावित्री बसंत कोसले, समन्वयक सेठ फूलचंद नयना पहाडिय़ा तथा आधिकारिक प्रतिनिधि सीताराम यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढऩे का मंच मिलता है।
प्रतियोगिता के 9 से 18 वर्ष आयु वर्ग में 400 मीटर दौड़ में ईशा रानी सिन्हा प्रथम और चमेली ध्रुव द्वितीय रहीं, जबकि 100 मीटर दौड़ में चमेली ध्रुव ने प्रथम तथा चांदनी साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तवा फेंक में चमेली ध्रुव प्रथम और नारायणी द्वितीय रहीं। बैडमिंटन में लक्ष्मी पांडे ने प्रथम तथा हेतल वर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। रस्साकसी में जियोदया नगर हिंदी माध्यम शाला, गातापार की टीम प्रथम और शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, मानिकचौरी द्वितीय रही, वहीं खो-खो में थनौद की टीम ने प्रथम और शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, पौंड ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग में 400 मीटर दौड़ में रेशमी ध्रुव प्रथम और अंजना द्वितीय रहीं, जबकि 100 मीटर दौड़ में अंशु बंजारे ने प्रथम और रेशमी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
तवा फेंक में खेमेश्वरी प्रथम तथा दामिनी रात्रे द्वितीय रहीं। बैडमिंटन में सेठ फूलचंद अग्रवाल स्मृति महाविद्यालय, नवापारा की शांता ध्रुव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रस्साकसी और खो-खो दोनों स्पर्धाओं में हीरालाल महाविद्यालय, अभनपुर की टीम प्रथम तथा नेताजी सुभाष महाविद्यालय, अभनपुर की टीम द्वितीय रही, जबकि वॉलीबॉल में भी हीरालाल महाविद्यालय, अभनपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में वरिष्ठ खेल अधिकारी बी.आर. साहू, रितेश चंद्राकर, लुकेश नामदेव सहित समस्त व्यायाम शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन अवसर पर अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह जानकारी विकासखंड खेल अधिकारी डॉ. विजय रत्नाकर द्वारा दी गई।


