गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 2 दिसंबर। राजिम इलाके में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार नवविवाहित महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक फरार होने की कोशिश में था, लेकिन राजिम पुलिस ने नाकाबंदी में आरोपी को दबोच लिया। घटना गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम मेडक्का निवासी सुनील साहू (30) पुष्पा साहू (28) के साथ ग्राम पाण्डुका आए थे। काम निपटाने के बाद शाम करीब 4.30-05 बजे वे नगर पंचायत कोपरा के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार कार ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पुष्पा सडक़ पर गिर गईं और कार उन्हें कुचलते हुए भाग निकली। सिर और पैर में गहरी चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पति सुनील साहू गंभीर रूप से घायल अवस्था में सडक़ पर पड़ा रहा।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुटी गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राजिम पुलिस को घटना की जानकारी दी और अलर्ट जारी किया। घटना की जानकारी मिलते राजिम पुलिस ने नाकेबंदी कर फरार आरोपी कार चालक को कुछ ही देर में पकड़ लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया है। इधर घायल सुनील साहू को राजिम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस आरोपी कार चालक से पूछताछ कर रही है। वहीं आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार मृतका पुष्पा साहू की शादी 6 महीना पहले ग्राम मेडक्का निवासी सुनील साहू से हुई थी। पुष्पा अपने पति के साथ मायके ग्राम चंदना आई थी। वहां से वे पाण्डुका किसी डॉक्टर के पास गए थे। डॉक्टर से मिलने के बाद वापस मेडक्का घर जाने निकले थे। वे पाण्डुका से कोपरा पहुंचे ही थे कि यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


