गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 27 नवंबर। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मंगलवार शाम मैनपुर पहुंचे। मंत्री बनने के बाद उनके प्रथम आगमन पर यादव समाज के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट किया। कार्यक्रम स्थल पर मांदर वाद्य के साथ पारंपरिक स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी स्वागत किया। प्रशासन की ओर से एसडीएम तुलसीराम मरकाम और एसडीओ पी. कुजूर मौजूद रहे।
यादव समाज के मातर महोत्सव में मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। उन्होंने सहाड़ा देव की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि यादव समाज प्राचीन और गौरवशाली परंपरा के लिए जाना जाता है और मातर महोत्सव कृष्ण आराधना का पर्व है, जिसे विभिन्न समुदाय मिलकर मनाते हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सांस्कृतिक जुड़ाव और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है।
मंत्री यादव ने समाज के प्रतिनिधियों से कहा कि समाज के विकास के लिए समन्वय आवश्यक है तथा शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने पीएम आवास, राशन कार्ड, मनरेगा, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड एवं श्रमिक कार्ड जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए इनके लाभ के लिए पात्र लोगों को जागरूक करने की बात कही।
मंत्री यादव ने यह भी कहा कि यादव समाज अपनी आस्था और परंपरा को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा घर में स्थापित करें और लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना करें, जिससे आस्था और विश्वास मजबूत होता है।
कार्यक्रम में मंत्री यादव ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, मैनपुर के निर्माण के लिए राशि प्रदान करने की घोषणा की। यादव समाज द्वारा कार्यक्रम के लिए 25,000 रुपये देने की घोषणा की गई।
बिंद्रा नवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव ने कहा कि मंत्री के रूप में गजेंद्र यादव क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के जर्जर स्कूल भवनों के सुधार, अधूरे भवनों को पूरा करने और नए आश्रम छात्रावास स्वीकृत करने का अनुरोध किया। मातर महोत्सव का संचालन गेंदू यादव ने किया। कार्यक्रम में यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, विधायक जनक ध्रुव, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष धनमती यादव, जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम, गरियाबंद नगरपालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, हेमलाल यादव, जनपद सदस्य कुमारी बाई पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, जिला उपाध्यक्ष सरिता ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण धव, सरपंच हनीता नायक, सर्व यादव समाज के अध्यक्ष डी.के. यादव, दिलीप साहू सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।


