गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 16 नवंबर। बिहार विधानसभा में पार्टी की जीत पर गरियाबंद जिले के मंडल मैनपुर में भाजपाइयों ने जश्न मनाया। भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर विजय उत्सव मनाया। इस दौरान भाजपा जिन्दाबाद, भारत माता की जय, प्रधानमंत्री मोदी- जिन्दाबाद के नारे लगे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष संतोष यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। यह जीत बताती है कि जनता अब राजनीति के शोर में नहीं, विकास के काम में विश्वास करती है।
जिला उपाध्यक्ष सरिता ठाकुर ने कहा कि बिहार की यह ऐतिहासिक जीत पूरे देश में सकारात्मक संदेश दे रही है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा, कार्यकर्ताओं की मेहनत और शीर्ष नेतृत्व की नीतियां जनता के दिलों तक पहुंच रही हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में मिली विजय केवल राजनीतिक सफलता नहीं बल्कि नए भारत के निर्माण की दिशा में बढ़ाया गया मजबूत कदम है।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री घनश्याम मरकाम रामदास वैष्णव रूपेश साहू राकेश दुबे निमेष सिन्हा मोहित द्विवेदी बाबूलाल साहू तुलसी राठौर मनोज निर्मलकर बवी सचदेव भाजपा सक्रिय कार्यकर्ता मोहन कुशवाह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।


