गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 15 नवंबर। राजिम तहसील स्तरीय साहू समाज के नवगठित पदाधिकारियों ने शुक्रवार सुबह क्षेत्र के विधायक रोहित साहू से उनके राजिम स्थित निवास पर औपचारिक सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर विधायक ने सभी पदाधिकारियों को पुष्पमाला पहनाकर,मिठाई खिलाकर तथा शुभकामना संदेश देकर बधाई दी। समाज के पदाधिकारियों ने विधायक को समाज की ओर से गुलदस्ता भी भेंट किया।
तीन वर्ष बाद हुआ तहसील स्तरीय चुनाव
साहू समाज की तहसील इकाई का चुनाव हर तीन वर्ष में सामाजिक स्तर पर पारदर्शी तरीके से आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी समाज के वरिष्ठजनों की देखरेख में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव में राजिम तहसील के विभिन्न गांवों व वार्डों से जुड़े सैकड़ों सदस्यों ने मतदान में भाग लिया।
निर्वाचन के बाद निम्नलिखित पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन हुआ, जिसमें अध्यक्षजगदीश राम साहू, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार साहू, महिला उपाध्यक्ष धान बाई साहू, संगठन सचिव उमेंद्र राम साहू, संगठन महिला सचिव श्रीमती टेमेश्वरी साहू बनाये गए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष जगदीश राम साहू ने बताया कि समाज का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य,सामाजिक एकता तथा आर्थिक सशक्तिकरण पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारे समाज के युवा एवं महिलाएं आगे बढक़र कार्य करेंगे। विधायक जी का मार्गदर्शन हमें नई ऊर्जा देगा।
मुलाकात के दौरान विधायक रोहित साहू ने साहू समाज की सामाजिक गतिविधियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि साहू समाज सदैव से सामाजिक समरसता,शिक्षा प्रोत्साहन एवं जरूरतमंदों की सहायता में अग्रणी रहा है। चाहे कोरोना काल में राशन वितरण हो या बाढ़ प्रभावितों की मदद, समाज ने हमेशा मानवता का परिचय दिया है।
विधायक ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे एक समाज,एक आवाज के सिद्धांत पर कार्य करें तथा तहसील के सभी गांवों में समाज की शाखाएं मजबूत करें।
उन्होंने मुख्य रूप से उपस्थित राजिम परिक्षेत्र अध्यक्ष प्रकाश साहू,राजिम नगर अध्यक्ष रामकुमार साहू,कोपरा परिक्षेत्र पूर्व अध्यक्ष कमलेश साहू,पूर्व अध्यक्ष अनिल साहू,प्रदेश युवा प्रकोष्ठ महासचिव प्रवीण साहू,कोपरा परिक्षेत्र अध्यक्ष टूमन साहू,श्याम सुंदर साहू, परदेसी राम साहू,नंद कुमार साहू, तनिक राम साहू,विदेश कुमार साहू, एवं सैकड़ो सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।


