गरियाबंद

जादू-टोना के शक पर विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या
03-Nov-2025 4:07 PM
जादू-टोना के शक पर विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा/अभनपुर, 3 नवंबर। अभनपुर इलाके में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसी गांव के एक युवक ने जादू-टोना के शक में इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना रायपुर जिले के मुजगहन थाना क्षेत्र के छछानपैरी गांव का है।

मिली जानकारी के अनुसार, छछानपैरी गांव के रहने वाले संजय नेताम को उसी गांव के श्याम कुमार ध्रुव पर जादू-टोना करने का शक था। इसी वजह से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। शनिवार रात को दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ, जो देखते-ही-देखते मारपीट में बदल गया। विवाद बढऩे पर संजय नेताम ने अपने पास रखे चाकू से श्याम ध्रुव पर ताबड़तोड़ हमला किया और फिर भाग गया।

खून से लथपथ श्याम कुमार को गंभीर हालत में परिवार और गांव वाले तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मुजगहन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी संजय नेताम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे तलाश के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।  पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे श्याम ध्रुव पर जादू-टोना करने का शक था। आरोपी का कहना है कि श्याम ध्रुव उसके सपनों में आकर उसे धमकी देता था। शनिवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर उसने श्याम पर चाकू से कई बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट