गरियाबंद
टिकेंद्र ठाकुर ने जारी किया नियुक्ति पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 28 अक्टूबर। भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष टिकेंद्र सिंह ठाकुर ने शशांक दुबे को कोरबा जिला अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ इंटक के रूप में नियुक्त किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष टिकेन्द्र ठाकुर ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए बताया कि शशांक दुबे को न केवल कोरबा जिले में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, बल्कि उन्हें ट्रेड यूनियन क्षेत्र में कानूनी कार्यों के संचालन का दायित्व भी सौंपा गया है। इसके साथ ही, उन्हें समाज के वंचित, दबे-कुचले और श्रमिक वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने का निर्देश दिया गया है। ठाकुर ने कहा कि दुबे से अपेक्षा की जाती है कि वे इंटक के संविधान के दायरे में रहकर संगठन की गतिविधियों को राज्य स्तर तक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएँगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने शशांक दुबे को इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं और विश्वास जताया कि वे संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।


